बड़ा मधुर होता है .......बड़ा मधुर होता है .......
बड़ा मधुर होता है - अपनी बगिया की क्यारी में -
कुछ बीजों को बोना ,
उन्हें सींचना, अंकुर, डाली,पत्ते,कलियाँ, फूल -
सभी से क्यारी भरना ;
तितली-मधुप-सुगंध-रंग , सब देख झूमना -
अपनी बगिया के संग जीना ;
फिर वसन्त जाने पर उनको मुरझाते-सूखते-बिखरते
स्वयं देखना- बड़ा कठिन होता है ..
बड़ा कठिन होता है .......बड़ा कठिन होता है ......!!
* * *
बड़ा मधुर होता है - बादल की उड़ती चादर से -
कुछ टुकड़ों को चुनना ,
उन्हें जोड़ना, चित्र बनाना, उन चित्रों में सपने बुनना -
उनमें खोना ;
साथ उन्हीं के उड़ते जाना , खुद को उनके बीच देखना -
उनमें जीना ;
किन्तु हवा के झोंकों से उनका मिट जाना, उन्हें ढूँढना -
फिर थक जाना, बड़ा कठिन होता है..
बड़ा कठिन होता है ....बड़ा कठिन होता है .........!!
***********************************************
सर्वाधिकार सहित , स्व-रचित रचना
***********************************************
चल पड़े सुबह से जो राही अपने पथ पर ,
वो क्या जानें बिन चले कि पथ कैसा होगा ;
ऊबड़-खाबड़ होगा या दुर्गम-सुगम कहीं -
निज सूझ-बूझ से पार उसे करना होगा |
यदि दूर कहीं मंज़िल का दीपक दिखे कहीं ,
उस तक जाने में मग का तम सहना होगा ;
राहों में बाधा आएँ या कंटक बिखरें -
दृढ़ता से धीरज रख कर सब चुनना होगा |
विपदाओं की आँधी आ जाए यदि पथ में ,
बिन काँपे डगमग , पैर जमा चलना होगा ;
यदि बाढ़ दुखों की घेरे जीवन की सरिता -
हर भँवर-लहर के वेग झेल बढ़ना होगा |
यदि तड़ित दामिनी गिर कर नष्ट करे सब-कुछ ,
फिर नए सिरे से जीवन-क्रम रचना होगा ;
और मन या तन विचलित हो घबरा जाए कभी -
तब धैर्य निभा ''प्रभु-नाम'' सदा जपना होगा !!
******************************************************
सर्वाधिकार सहित , स्व-रचित रचना
******************************************************
अच्छे सी शुरुवात.........
आओ कुछ अच्छी बात करें, एक छोटी सी शुरूवात करें - - - -
छोटी सी शुरूवात भला क्यों मन में आईं ,
बड़ी-बड़ी बातें करना क्यों मन ना भाईं ?
बड़ा पेड़ भी पहले नन्हा पौधा ही था ,
पकी धान के खेत में रोपा जरवा ही था |
तिनका एक चोंच में लेकर चिड़िया आई ,
नीड़ घना फिर बना , बसा , दाना ले आई |
नन्हें बच्चे चोंच खोल कार दाना खाते ,
चिड़ा-चिड़ी पर पहला दाना भूल न पाते |
नन्हा उद्गम ही प्रवाह का कारण होता ,
मिलते नद-नाले सागर में विलयन होता |
एक अकेला निकल राह में हाँक लगाता ,
कुछ घंटों के बाद वही जत्था बन जाता |
कुछ करने से कुछ करने का मन बनता है ,
मन लगने से उन बातों का क्रम बनता है |
जाने कितनी ऐसी बातें मन में आतीं ,
''सोच'' बड़ी सी पुस्तक - परतें खुलती जातीं |
नेक काम की शुरूवात अब यूँ करना है -
'' भ्रष्टाचार किसी स्तर का नहीं सहना है'' ||
******************************************************
सर्वाधिकार सहित , स्व-रचित रचना
******************************************************
संकल्प . . . . . . .
संकल्प करो मन , कुछ आज के लिए |
मान के लिए , निज-अभिमान के लिए ,
यश-गान के लिए , गुण-गान के लिए ;
देश के लिए , परिवेश के लिए ,
स्वराज के लिए , समाज के लिए -
संकल्प करो मन , कुछ आज के लिए . . . . .
आचार के लिए , सदाचार के लिए ,
संस्कार के लिए , सद्-विचार के लिए ;
कर्म के लिए , निज-धर्म के लिए ,
दान के लिए , स्वार्थ-त्याग के लिए -
संकल्प करो मन , कुछ आज के लिए . . . . .
सत्व के लिए , अपनत्व के लिए ,
स्वत्व के लिए , समत्व के लिए ;
मातृत्व के लिए , भ्रातृत्व के लिए ,
देवत्व के लिए , अमरत्व लिए -
संकल्प करो मन कुछ आज के लिए . . . . .
==========================================================
सर्वाधिकार सहित,स्व-रचित रचना
==========================================================
एक दीप आशा का........
उ जियारों की चकाचौंध से पार , जरा जब नज़र गई ;
अँधियारों में 'कुछ देखा' , नज़र वहीं पर ठहर गई -
कहीं किसी कोने कचरे में सुना रुदन, हलचल देखी ,
जीवन पड़ा बिलखता देखा , मौत वहीं पल-पल देखी |
सूखा बदन हाथ फैलाए - 'बचपन' देखा खड़ा कहीं ,
बीन-बीन कर खाते देखा - जूठन में जो पड़ा कहीं |
कहीं अनाथ बहन और भाई , भीख माँगने निकल पड़े ,
कहीं मिलीं झिड़की गाली या कोई उन पर पिघल पड़े |
जूठा बासी जो भी मिलता , खाते देखा मिल-जुल कर ,
रात किसी कोने में थक कर , सोते देखा हिल-मिल कर |
मजदूरी करते देखे बच्चे - जिनके दिन पढ़ने के ,
घर भर का वे पेट पालते , जिनके दिन थे बढ़ने के |
कहीं बुरी-संगत में देखा , अपने बाल-गोपालों को ,
कहीं व्यसन में डूबे देखा - देश के नौ-निहालों को |
कहीं बिखरता यौवन देखा , उम्र जहाँ अभिशाप हुई ,
माँ - बेटी या बहन जहाँ पर 'लडकी' बन कर पाप हुई |
कहीं बिका मातृत्व बिचारा , दिया लाल रोते-रोते ,
कहीं कोख के सौदे होते - जिसके 'पैसे' तय होते |
कहीं बुढ़ापा करे मजूरी , कहीं भीख से घर पाले ,
कहीं रहे 'वृद्धाश्रम' जा कर , कहीं 'अलग' डेरा डाले |
देख-देख कर ये अँधियारे दिल रोया , आँखें रोईं ,
चलो जगाएँ मानवता-ममता , जो शायद हैं सोईं |
एक दीप 'आशा' का ले कर हमको भी चलना होगा ,
जिससे-जैसे-जितना भी हो , तम को कम करना होगा |
तम को कम करना होगा...तम को कम करना होगा.....||
*************************************************************************
सर्वाधिकार सहित , स्व रचित रचना
************************************************************************
मैंने पुस्तक में पढ़ा --
यशोदा माँ , कैसे अपने मोहन का साज रोज सजवाती हैं -
घन्टों तक नहलाती हैं और घन्टों उसे सजाती हैं . . . . . . .
मैं उबटन-अंजन, केसर-चंदन, तिलक-दिठौना क्या जानूँ ?
मैंने धूल-धूसरित कान्हा की छवि नैनों बीच बसाई है - - -
मैंने कवियों से सुना --
यशोदा माँ , कैसे अपने मोहन को लोरी गा सुलवाती हैं -
घन्टों पहरा देती हैं और सबको चुप रखवाती हैं . . . . . .
मैं चंदन-पलना, मखमल-गादी, मोतियन-डोरी क्या जानूँ ?
मन में , पैर अँगूठा मुख में - बड के पत्ते पर छवि छाई है - -
मैंने मन्दिर में सुना --
यशोदा माँ , कैसे अपने मोहन को मोहन-भोग खिलाती हैं ,
घन्टों पकवान बनाती हैं फिर कर मनुहार खिलाती हैं . . . .
मैं खीर-पूड़ी संग दधि-ओदन और मालपुआ-मधु क्या जानूँ ?
मुझको मटकी के माखन से लिपटे मुख की छवि मन भाई है - -
*******************************************
( सर्वाधिकार सहित , स्व-रचित रचना )
*******************************************
'' विरह में पीले पड़ गए पात ''
* * *
तन उपवन मन सींच न पाया ,
अन्तर-पट तक भीग न पाया ,
सूखी धरा , घटा मुख ताके ,
बिरहिन का दुःख, बिरहिन जाया ,
मन मुरझाया , तन झुलसाया ,
सुख ने छोड़ा साथ..........
विरह में पीले पड़ गए पात...........!!
%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%
( * सर्वाधिकार सहित , स्व-रचित रचना * )
%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%%